Maharajganj

महराजगंज महोत्सव का यू-ट्यूब पर होगा सीधा प्रसारण, शहर में बड़े स्क्रीन पर भी लोग देख सकेंगे लाइव कार्यक्रम

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  महराजगंज महोत्सव 2024 की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। महोत्सव का सीधा प्रसारण यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से किया जाएगा। शहर के विभिन्न स्थानों पर बड़े एलईडी स्क्रीन भी लगाए जाएंगे, जहां लोग लाइव कार्यक्रम का आनंद ले सकेंगे। महराजगंज महोत्सव के माध्यम से जिले की सांस्कृतिक, शैक्षणिक और आर्थिक धरोहर को प्रोत्साहित करने की योजना है,जिसमें सभी वर्गों को भागीदारी का अवसर मिलेगा। इस आयोजन में रंगोली प्रतियोगिता, डिस्ट्रिक्ट गैलरी, स्थापना यज्ञ, प्लांट और फ्लावर शो, पुस्तक मेला, और विज्ञान प्रदर्शनी जैसे विभिन्न कार्यक्रम शामिल होंगे।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि जनपद के स्थापना दिवस पर महराजगंज महोत्सव का आयोजन 01, 02, और 03 अक्तूबर 2024 को किया जाएगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी भाग लेंगे। महोत्सव के मुख्य आकर्षण में 01 अक्तूबर को प्रसिद्ध गायिका मोनाली ठाकुर, 02 अक्तूबर को गायक बी. प्राक की प्रस्तुति होगी। वहीं 03 अक्तूबर को भोजपुरी संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मनोज तिवारी और अक्षरा सिंह जैसे मशहूर कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे इसके अलावा स्थानीय कलाकार भी अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महराजगंज की सांस्कृतिक पहचान वनटांगिया समुदाय की जीवन पद्धति पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला